दुर्ग। अमलेश्वर थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई संगठित चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल फोन सहित कुल 8,22,480 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह 25 जनवरी से 29 जनवरी 2026 के बीच घर से बाहर था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी गायब थे। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने रात के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करना स्वीकार किया।

मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी ने अपने साथी भुनेश्वर उर्फ नानू यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया, जबकि चोरी के जेवर तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू को बेचने के लिए दिए गए थे। चोरी की रकम से आरोपियों ने एक स्कूटी भी खरीद ली थी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 54 ग्राम सोना, 513 ग्राम चांदी, नगदी, मोबाइल फोन, चोरी से खरीदी गई स्कूटी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह वारदात ग्राम मोतीपुर, थाना अमलेश्वर क्षेत्र की है, जहां आरोपियों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सूने मकान को निशाना बनाया।
