दुर्ग जिले में सोशल मीडिया पर रौब और ‘दबंगई’ दिखाने का ट्रेंड अब युवकों को सीधे जेल पहुंचा रहा है। थाना रानी तराई क्षेत्र के ग्राम औसर में इंस्टाग्राम पर धारदार हथियारों के साथ आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वाले दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और उसके बाद समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर को पुलिस ने गंभीरता से लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो साझा कर इलाके में भय और दबदबा बनाने की कोशिश कर रहे थे। रानी तराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों युवकों ने इंस्टाग्राम पर उक्त पोस्ट साझा करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम औसर निवासी 22 वर्षीय तुलाराम गायकवाड़ और 20 वर्षीय गुलशन भारती शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इंस्टाग्राम पोस्ट से संबंधित मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
सोशल मीडिया पर गैंगस्टर इमेज बनाने की कोशिश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर युवाओं द्वारा खुद को ‘दबंग’ दिखाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। इससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी कारण ऐसे मामलों में अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भय, हिंसा या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।