दुर्ग जिले में खेतों और ग्राम पंचायतों के ट्यूबवेलों से लगातार हो रही कॉपर वायर चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना पुलगांव पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी करने वाले और चोरी का माल खरीदने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 225 मीटर कॉपर वायर और अन्य विद्युत सामग्री बरामद की है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर संगठित अपराध की धाराएं भी लगाई हैं।
पुलिस के मुताबिक सबसे पहले ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया वायर रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचा गया था। पुलिस ने सहल उद्दीन के कब्जे से करीब 100 मीटर कॉपर वायर जब्त किया।
इसी तरह ग्राम अंजोरा में पंचायत तालाब के पास लगे ट्यूबवेल से भी करीब 90 मीटर कॉपर वायर चोरी होने का मामला सामने आया। ग्राम सरपंच संतोष सारथी की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच में पुलिस ने खुलासा किया कि चोरी का वायर रायपुर के मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचा गया था। उसके कब्जे से भी चोरी का माल बरामद किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर ट्यूबवेलों को निशाना बनाया था। वहां से भी करीब 35 मीटर वायर चोरी किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्यूबवेलों को निशाना बना रहे थे और कॉपर वायर निकालकर कबाड़ियों व खरीदारों को बेच रहे थे।
संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई
लगातार चोरी की वारदातों में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317 और संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में चंदू लोहार, वासु यादव, शंकर, रायपुर निवासी सहल उद्दीन और मौदहापारा निवासी जय नारायण शामिल हैं।
ग्रामीणों में दहशत, किसानों को नुकसान
लगातार हो रही वायर चोरी से ग्रामीण इलाकों में किसानों की परेशानी बढ़ गई है। ट्यूबवेल बंद होने से सिंचाई प्रभावित हो रही है और पंचायतों की पेयजल व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे विद्युत उपकरणों की निगरानी रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि चोरी और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।