भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के पॉवर प्लांट-2 में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब टर्बाइन सेक्शन में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ बताया जा रहा है। ब्लास्ट के बाद चारों ओर घने धुएं का गुबार छा गया, जिससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए भागकर अपनी जान बचाई।

इस घटना में तीन कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें ठेका श्रमिक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान उन्हें चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड और सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई की और आग पर काबू पा लिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

बीएसपी प्रबंधन ने इस गंभीर घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
