उतई थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराध और अवैध शराब कारोबार को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव को लाइन अटैच कर कंट्रोल रूम भेज दिया है, जबकि एसआई प्रमोद सिन्हा का तबादला धमधा कर दिया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर लगातार उतई थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे थे। कांग्रेस का आरोप था कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, असामाजिक गतिविधियों और बढ़ते अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही, बल्कि संरक्षण दिया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं द्वारा लगातार शिकायत और विरोध के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की। विभागीय आदेश में उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव को हटाकर कंट्रोल रूम भेजा गया है। वहीं एसआई प्रमोद सिन्हा को उतई से धमधा स्थानांतरित किया गया है।
इसके साथ ही निरीक्षक अनिल पटेल को बोरी थाना से उतई की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग में कसावट लाने के उद्देश्य से यह बदलाव किए गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता की आवाज और लगातार किए गए संघर्ष की जीत बताया है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।