दुर्ग पुलिस ने 38 लाख रुपये के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गोयल ट्रेडर्स के पूर्व एरिया सेल्स ऑफिसर राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर कंपनी के व्यापारियों से वसूली गई रकम को कंपनी खाते में जमा करने के बजाय निजी उपयोग में खर्च करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वर्ष 2020 से 2022 के बीच करीब 26 महीनों तक सुनियोजित तरीके से रकम का गबन किया। वह चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर और अन्य पैकेजिंग सामग्री की बिक्री से मिलने वाली राशि व्यापारियों से वसूलता था, लेकिन उसे कंपनी के खाते में जमा नहीं करता था।
कंपनी के पैसों से बनवाया मकान
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने गबन की रकम का इस्तेमाल निजी मकान निर्माण और अन्य व्यक्तिगत कार्यों में किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों और लेन-देन की जांच की, जिसमें करीब 38 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई और आखिरकार उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रकम का निजी उपयोग करना स्वीकार कर लिया।
जेवरा सिरसा की कंपनी में था पदस्थ
यह पूरा मामला गोयल ट्रेडर्स से जुड़ा है, जहां आरोपी एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 409 और 420 भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अभिलेख भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और व्यापारियों से अपील की है कि आर्थिक लेन-देन का नियमित सत्यापन और निगरानी करें। किसी भी वित्तीय गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।