दुर्ग। समाज को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार, पोटियाकला वार्ड क्रमांक 53-54 दुर्ग द्वारा दिनांक 31 मई 2026, रविवार को “नशा मुक्त जन जागरण रैली एवं दीप महायज्ञ” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन शीतला माता मंदिर, पोटियाकला दुर्ग में होगा।

कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है। इसी उद्देश्य को लेकर जनजागरण रैली निकाली जाएगी तथा दीप महायज्ञ के माध्यम से स्वस्थ एवं संस्कारित समाज निर्माण का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 7:00 बजे से 8:30 बजे तक स्वच्छता अभियान, दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक भोजन-प्रसादी वितरण, शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक नशा मुक्त जन जागरण रैली एवं शाम 6:00 बजे से 7:30 बजे तक दीप महायज्ञ एवं उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रैली का शुभारंभ गायत्री प्रज्ञा मंदिर, पोटियाकला दुर्ग से होगा तथा समापन शीतला माता मंदिर, पोटियाकला दुर्ग में किया जाएगा। इसके साथ ही सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन रखा गया है।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं मित्रों सहित कार्यक्रम में शामिल होकर नशामुक्त समाज निर्माण के इस अभियान को सफल बनाएं। साथ ही सभी से घर से पांच दीपक एवं पांच अगरबत्ती लेकर आने का आग्रह किया गया है।
आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामेश्वर निषाद, टेमन कुमार साहू, सुनेती साहू, कन्हैयालाल चंद्राकर, प्रेमलाल साहू, अश्वनी साहू, किरण साहू, भामामती साहू, शालिनी साहू उपस्थित रहे