दुर्ग। जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त कदम उठाए हैं। ग्राम समोदा और आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जा रही अफीम की अवैध खेती का खुलासा होने के बाद प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा करीब 14 लाख अफीम के पौधों को नष्ट करने की तैयारी की जा रही है, जिनकी अनुमानित कीमत 8 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी अवैध अफीम खेती के खिलाफ कार्रवाई मानी जा रही है।

मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बृजेश ताम्रकार की दुकान पर बुलडोजर कार्रवाई भी की है। बताया जा रहा है कि बृजेश ताम्रकार भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार के भाई हैं। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
पुलिस और प्रशासन की अलग-अलग टीमें खेतों में पहुंचकर अफीम की फसल को नष्ट करने की प्रक्रिया में जुटी हुई हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

इस पूरे मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।