दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन की नगपुरा में आयोजित बैठक में अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसानों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए किसान जागृति यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यह यात्रा 9 मार्च से 13 अप्रैल तक चरणबद्ध रूप से आयोजित की जाएगी, जिसमें हर सप्ताह एक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान मार्ग में आने वाले गांवों में किसानों से चर्चा कर उन्हें ट्रेड डील से कृषि और किसानों पर पड़ने वाले संभावित नुकसानदायक प्रभावों की जानकारी दी जाएगी तथा पर्चे भी वितरित किए जाएंगे।
संगठन ने बताया कि ट्रेड डील के विरोध में सोमवार 9 मार्च को दुर्ग में गांधी प्रतिमा के पास किसानों द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपकर ट्रेड डील रद्द करने की मांग की जाएगी। किसान जागृति यात्रा की पहली कड़ी सोमवार 16 मार्च को दुर्ग से लिटिया के लिए निकाली जाएगी।

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 9 मार्च से 13 अप्रैल के बीच आयोजित किसान जागृति यात्रा दुर्ग जिले के तीनों विकासखंडों में जाएगी। इस यात्रा का समापन 13 अप्रैल को दुर्ग में किया जाएगा।
यात्रा के दौरान किसानों की विभिन्न मांगों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा, जिनमें स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार सी-2 लागत मूल्य में 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर कृषि उपजों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करना, एमएसपी की कानूनी गारंटी देना, फसल बीमा योजना में असिंचित धान के लिए 16 क्विंटल तथा सिंचित धान के लिए 20 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन मानक निर्धारित करना और केसीसी ऋण लेने पर किसानों की कृषि भूमि को बंधक न बनाए जाने की मांग शामिल है।
बैठक में पंचराम, पल्टन यादव, नेतराम देशमुख, देवशरण साहू, राजकुमार यादव, सुमिरन गुप्ता, पुनेश्वर साहू, बंशीलाल देवांगन, मेघराज मढ़रिया, बद्री प्रसाद पारकर, परमानंद यादव, संतुलाल पटेल, बाबूलाल साहू, उत्तम चंद्राकर, आई.के. वर्मा, राजकुमार गुप्त सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।