दुर्ग। शहर के गंजपारा स्थित श्री सत्तीचौरा माँ दुर्गा मंदिर में इस वर्ष चैत्र नवरात्र पर्व एवं मंदिर का 16वां वार्षिकोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिर समिति की आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से 19 मार्च से 27 मार्च तक विविध धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया गया।
समिति के विजय गुप्ता ‘पिंकी’ ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंदिर में ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी, जिसकी बुकिंग प्रारंभ कर दी गई है। देश के विभिन्न शहरों एवं प्रदेशों से श्रद्धालु यहां ज्योति कलश स्थापित करते हैं। मंदिर में प्रत्येक नवरात्रि में लगभग 400 से अधिक ज्योति कलश स्थापित किए जाते हैं। ज्योति कलश की बुकिंग 15 मार्च तक मंदिर परिसर में की जा रही है।

समिति के सदस्य मनोज गुप्ता ‘लाला’ ने बताया कि 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे माता दुर्गा का महाभिषेक किया जाएगा, जिसमें धर्मप्रेमी परिवार सहित शामिल होकर अभिषेक करेंगे। इसके लिए मंदिर परिसर में बुकिंग भी प्रारंभ कर दी गई है।
नवरात्र पर्व के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक लाइट, टेंट एवं फूलों से सजाया जाएगा। विशेष रूप से कलकत्ता के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य फूलों की सजावट की जाएगी, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।
समिति द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और कन्या भ्रूण हत्या बंद करने के संदेश के साथ विगत कई वर्षों से कन्या भोज का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष यह आयोजन और भी विशेष रहेगा, क्योंकि एक दिन के स्थान पर पूरे नौ दिनों तक प्रतिदिन कन्या पूजन एवं कन्या भोज कराया जाएगा।

मंदिर के 16वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर भजन संध्या, मंगलपाठ, जोड़े से सुंदरकांड एवं जसगीत जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भजन एवं जस गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही इस वर्ष शहर में माता जी की भव्य एवं ऐतिहासिक पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से विभिन्न प्रकार के बैंड-बाजा एवं नाचा पार्टियां शामिल होंगी।
बैठक में अजय शर्मा, अशोक राठी, महेश टावरी, प्रवीण भूतड़ा, राजेश शर्मा, दीपक चावड़ा, मनोज भूतड़ा, सुरेश गुप्ता, कुलेश्वर साहू, पिंकी गुप्ता, मनोज गुप्ता लाला, राहुल शर्मा, ललित शर्मा, निर्मल शर्मा, ओमप्रकाश टावरी, चेतन जैन, मनीष सेन, हर्षद पारख, सुजल शर्मा, श्रीकांत उपाध्याय, ऋषि गुप्ता, मोहित पुरोहित, सोंटी गुप्ता, नमन खंडेलवाल, प्रकाश सिन्हा, लक्की अग्रवाल, वाशु शर्मा, सोनल सेन सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।