धमधा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खैरझिटी एवं परसकोल के किसानों एवं ग्रामीणों की गंभीर समस्याओं को लेकर किसान बंधु संगठन, धमधा ब्लॉक द्वारा आज जिला कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने वर्षों से लंबित भूमि अधिग्रहण मुआवजा तथा प्राथमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति पर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम परसकोल के किसानों की कृषि भूमि का अधिग्रहण लगभग 40 वर्ष पूर्व किया गया था, किंतु आज तक किसानों को मुआवजा प्राप्त नहीं हुआ है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार आवेदन प्रस्तुत किए गए, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। अधिकारियों द्वारा मार्च 2026 तक मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। इससे किसानों में भारी आक्रोश है और उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।

किसानों ने मांग की है कि अधिग्रहित भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए तथा वर्षों से उपयोग की जा रही भूमि का उचित किराया/क्षतिपूर्ति भी दी जाए। साथ ही मुआवजा भुगतान हेतु एक निश्चित तिथि निर्धारित करने की भी मांग की गई है।

इसके अलावा, ग्राम पंचायत खेरसिटी की शासकीय प्राथमिक शाला भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर बताई गई है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि या तो अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति दी जाए या पुराने भवन को हटाकर नया भवन निर्माण कराया जाए।
ज्ञापन में प्रशासन से दोनों ही मामलों में त्वरित संज्ञान लेकर समय-सीमा निर्धारित कर समाधान करने का आग्रह किया गया है। अन्यथा किसानों एवं ग्रामीणों द्वारा आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर किसान बंधु संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
