दुर्ग। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस की नवनियुक्त महामंत्री निकिता मिलिंद ने प्रेस बयान जारी कर भाजपा किसान मोर्चा के नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में भाजपा किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकार के खेत में लगभग 10 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की जानकारी सामने आई है।

निकिता मिलिंद ने कहा कि यदि यह मामला सत्य है तो यह केवल एक व्यक्ति का अपराध नहीं है, बल्कि भाजपा के तथाकथित “सुशासन” की असली तस्वीर को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग करती है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि सत्ता के नशे में पल रहे ऐसे कारनामों का सच जनता के सामने आ सके।

निकिता मिलिंद ने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि क्या यही उनका “सुशासन” है, जहाँ भाजपा नेता अफीम की खेती करें और सरकार सब कुछ देखते हुए भी अनदेखा करती रहे।