दुर्ग | 10 अप्रैल 2026 दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में फर्जी लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला से ₹66,500 की ठगी कर उसे लंबे समय तक गुमराह किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मौहारी भाठा निवासी 33 वर्षीय महिला ने 9 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि घर खरीदने के लिए लोन लेने की प्रक्रिया के दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने पोस्टर के माध्यम से संपर्क कर खुद को लोन दिलाने वाला बताकर भरोसा दिलाया और दस्तावेज लेकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए।

इसके बाद आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर कुल ₹66,500 की राशि वसूल ली, लेकिन लोन उपलब्ध नहीं कराया। इतना ही नहीं, पीड़िता को लगातार गुमराह किया गया और चेक के दुरुपयोग की धमकी भी दी गई।
मामले में नेवई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 10 अप्रैल को तीनों को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
