दुर्ग जिले के नगर निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 जुनवानी के निवासियों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर विरोध दर्ज कराया है। प्रभावित नागरिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि उचित पुनर्वास और मुआवजा प्रक्रिया पूरी किए बिना सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ न किया जाए।

ज्ञापन में बताया गया है कि लोक निर्माण विभाग (उप संभाग क्रमांक 2, दुर्ग) द्वारा स्मृति नगर चौक से जुनवानी-खम्हरिया होते हुए आईआईटी भिलाई मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है। इस परियोजना के तहत लगभग 50 से अधिक आवासीय मकान और दुकानें प्रभावित होंगी, जिनमें कई परिवार पिछले 50 वर्षों से निवासरत हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था और उचित मुआवजे के उनके मकान और व्यवसाय प्रभावित होंगे, जिससे आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पहले सभी प्रभावितों का विधिवत सर्वे कर पुनर्वास एवं मुआवजा सुनिश्चित किया जाए, उसके बाद ही सड़क चौड़ीकरण कार्य शुरू किया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित क्षेत्र पहले ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता था और यहां बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग निवास करते हैं, जिन्हें विशेष संरक्षण की आवश्यकता है।
