भिलाई/दुर्ग। गौ हत्या एवं कथित अवैध डेयरी संचालन के विरोध में ओमेश बिसेन के साथ गौ सेवकों ने तीन दिवसीय दंडवत यात्रा निकालकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह यात्रा 18 मई को सुपेला स्थित तीन दर्शन मंदिर से प्रारंभ हुई थी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए आज दुर्ग कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां गौ सेवकों ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।


यात्रा में शामिल गौ सेवकों ने आरोप लगाया कि गोवंश के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है तथा अवैध डेयरी संचालन के जरिए गौ माताओं का शोषण हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

गौ सेवकों ने ज्ञापन में नगर निगम क्षेत्र स्थित कथित अवैध डेयरी संचालकों पर गो सेवा आयोग के नियमों एवं भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान “गौ माता की जय” और “गौ हत्या बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
यात्रा में ओमेश बिसेन के साथ बड़ी संख्या में गौ भक्त एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।