दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत अंजोरा की सरपंच प्रेमिन बाई साहू के खिलाफ ग्राम निवासी गणेश राम देशमुख ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पंचायत के लेटरहेड का दुरुपयोग कर कूटरचित पंचनामा तैयार करने तथा निजी भूमि विवाद में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया गया है।

आवेदक गणेश राम देशमुख ने बताया कि उन्होंने ग्राम अंजोरा स्थित भूमि खसरा नंबर 1886/1 को 31 मार्च 2025 को क्रय किया था। राजस्व न्यायालय के आदेश के बाद 19 फरवरी 2026 को भूमि का सीमांकन किया गया। सीमांकन उपरांत उन्होंने अपनी भूमि पर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया था।
शिकायत के अनुसार 25 फरवरी 2026 को गांव के कुछ लोगों द्वारा बाउंड्रीवाल तोड़ दी गई। आरोप है कि इसी दिन ग्राम पंचायत के लेटरहेड पर एक कथित पंचनामा तैयार कर विरोधी पक्ष को 16 फीट रास्ता देने का उल्लेख किया गया। आवेदक ने इसे फर्जी और नियम विरुद्ध बताया है।

गणेश राम देशमुख ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत का कार्य सरपंच के पति सुमरन लाल साहू द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो पंचायत अधिनियम के नियमों के विपरीत है। शिकायत में सरपंच, उनके पति सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदक ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण में हुए लगभग 30 हजार रुपये के नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
