दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने स्मृति नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में संचालित अनैतिक देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान की संचालिका सहित एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से 8 महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि नेहरू नगर के विद्या विहार कॉलोनी स्थित मकान नंबर 146/8 में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर महिला रक्षा टीम और थाना स्मृति नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उक्त मकान में रेड कार्रवाई की।

रेड के दौरान पुलिस ने पाया कि मकान में महिलाओं को बुलाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। मौके से संचालिका धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत (35 वर्ष) निवासी विद्या विहार कॉलोनी नेहरू नगर तथा ग्राहक अमन शेख (25 वर्ष) निवासी जयंती नगर, मोहन नगर को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल फोन, वेश्यावृत्ति में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री तथा 5,500 रुपये नगद जप्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत थाना स्मृति नगर में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मकान में आर्थिक लाभ के उद्देश्य से यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी। इस पूरी कार्रवाई में IUCAW टीम और स्मृति नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास होने वाली किसी भी अवैध या अनैतिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।