भाजपा नेता पर 9.50 एकड़ में अफीम खेती का आरोप, कांग्रेस ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
दुर्ग। दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में भाजपा से जुड़े एक नेता द्वारा लगभग 9.50 एकड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आने के बाद राजनीति गरमा गई है। इस पूरे प्रकरण को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय दुर्ग में कांग्रेस द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

राजीव भवन दुर्ग में आयोजित इस पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार नशे के कारोबार को संरक्षण देकर युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में सामने आया यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कई महत्वपूर्ण सवाल भी उठाए। उन्होंने पूछा कि इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती आखिर किसकी संरक्षण में की जा रही थी। खेत की रखवाली के लिए बाउंसर तैनात किए जाने, पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, अफीम के बीज कहां से लाए गए और इसकी बिक्री कहां की जानी थी जैसे कई मुद्दों को जांच के दायरे में लाने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी तो स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी कैसे नहीं हुई। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।