दुर्ग। कांग्रेस संगठन ने पिछड़ा वर्ग नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ युवा नेता एवं संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे शिशिर कांत कसार को दुर्ग शहर ओबीसी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व द्वारा दी गई इस नई जिम्मेदारी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवा वर्ग में उत्साह का माहौल है।

शिशिर कांत कसार पिछले लगभग 22 वर्षों से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। छात्र राजनीति से लेकर युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर उन्होंने संगठन को मजबूती देने का कार्य किया है। वर्तमान में वे पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्ग में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं।
22 फरवरी 1986 को जन्मे शिशिर कांत कसार नन्द किशोर कसार के पुत्र हैं और दुर्ग शहर के शीतला नगर मरार पारा वार्ड क्रमांक 05 के निवासी हैं। स्नातक शिक्षित शिशिर कसार ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की। वर्ष 2004-05 में महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल दुर्ग में शालाध्यक्ष रहे। इसके बाद वर्ष 2006 से 2008 तक भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) दुर्ग शहर के सचिव रहे।

उन्होंने वर्ष 2008-10 में युवा कांग्रेस जिला ग्रामीण में जिला महासचिव, वर्ष 2013 में किसान कांग्रेस जिला सचिव, वर्ष 2017 में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के सचिव तथा वर्ष 2018 में पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्ग के महासचिव के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा वे युवा विकास समिति शिक्षक नगर दुर्ग के सचिव, बेटी बचाओ मंच जिला दुर्ग के सलाहकार एवं दुर्ग प्रीमियर लीग बैगापारा के संरक्षक भी हैं।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय शिशिर कसार को युवाओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाला रणनीतिकार माना जाता है। नगरीय निकाय चुनावों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर उन्होंने संगठन के भीतर लगातार मुखर भूमिका निभाई। वर्ष 2024-25 के नगरीय निकाय चुनाव की समीक्षा बैठक में संगठन की अपेक्षित सहभागिता नहीं मिलने पर उन्होंने नाराज युवाओं के साथ शीर्ष नेताओं के समक्ष तख्ती लेकर प्रदर्शन भी किया था और हार के लिए वरिष्ठ नेताओं की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।

बताया जाता है कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ उनका बेहतर तालमेल संगठन में उनकी सक्रियता को और मजबूती देता है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर शिशिर कांत कसार ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस कसौटी पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे युवाओं और पिछड़े वर्ग की आवाज बनकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij, पूर्व गृहमंत्री Tamradhwaj Sahu, जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, महामंत्री राजेंद्र साहू, पूर्व विधायक Arun Vora, राजेश यादव एवं दीपक दुबे सहित पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।