बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने मंगलवार को राजीव भवन में व्यंग्यात्मक सांस्कृतिक प्रदर्शन आयोजित कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोकगायक एवं आकाशवाणी-दूरदर्शन कलाकार Khuman Singh Yadav ने चर्चित गीत महंगाई डायन खाय जात है.. गाकर माहौल को राजनीतिक रंग दे दिया।
गीत-संगीत और नारों के जरिए आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौपाल शैली में केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। कार्यक्रम के दौरान पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल और सब्जियों की बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा गया। लोकगायक खुमान सिंह यादव के साथ संतोष निषाद, पवन यादव और संजय खरे ने भी संगत की। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने महंगाई विरोधी नारे लगाते हुए आम लोगों की परेशानियों को प्रमुख मुद्दा बताया।
हर वर्ग महंगाई से परेशान
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष Rakesh Thakur ने कहा कि देश का किसान बढ़ती लागत से परेशान है, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार घर चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाकर केवल प्रचार की राजनीति कर रही है। राकेश ठाकुर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से परिवहन महंगा हो गया है, जिसका असर हर वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है। वहीं रसोई गैस की कीमतों ने महिलाओं का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।
यह कार्यक्रम नहीं, आंदोलन की शुरुआत
कांग्रेस नेताओं ने इसे केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं बल्कि महंगाई के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत बताया। पार्टी नेताओं के मुताबिक आने वाले दिनों में जिला, ब्लॉक, पंचायत और गांव स्तर तक अभियान चलाकर केंद्र सरकार की नीतियों को जनता के बीच ले जाया जाएगा।
उपचुनाव और किसानों के मुद्दों पर चर्चा
कार्यक्रम से पहले जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और जनसमस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों ने बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर की कार्यकारिणी सूची प्रस्तुत की। बैठक में खाद और बीज की कमी से किसानों को हो रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-4 के उपचुनाव को लेकर रणनीति पर भी चर्चा हुई।
ये दिग्गज कांग्रेस नेता रहे मौजूद
बैठक और प्रदर्शन में विक्रांत अग्रवाल, राजीव गुप्ता, राम सूर्यवंशी, पुरुषोत्तम तिवारी, प्रकाश ठाकुर, जामवंत गजपाल, पवन पटेल, लोचन यादव,ज्वाला प्रसाद साहू, श्यामाचरण मनहर, शमसीर कुरैशी, संतलाल बंजारे, विसाल देशमुख, लक्ष्मी साहू, योगिता चंद्राकर, रज्जाक खाना, पालेश्वर ठाकुर, अभिषेक जांगड़े, हिम्मत लाल ढीमर, जय प्रकाश साहू, मोहित वालदे,राजेश ठाकुर, मोहन साहू, मनहरण यादव, शिवकुमार वर्मा, देवेंद्र देशमुख, कमलेश साहू, उमेश साहू, संतोष बाफना, ओंकार निर्मलकर, गोपी निर्मलकर, नारायण किकीरमेटा, सुमीत नारंग, राजेश मानिकपुरी, अघणु पाल, जगदीश मारकंडे संतलाल बंजारे, बलराम सिंह राजपूत, महेंद्र निसाद,लेखराम साहू, ओमनारायण वर्मा, प्रमोद सिंह राजपूत, रविन्द्र यादव, गजानंद साहू, युगलकिशोर साहू, रूपेंद्र साहू, निरंजन सिंह राजपूत, घनश्याम गजपाल, पवन यादव, सनीर साहू, हिमांशु बंजारे, रविप्रकाश ताम्रकार, डॉ सुनीत घोष, विजय वर्मा, देवकुमार निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।