दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज ग्राम कुथरेल द्वारा आयोजित 11वां छत्रपति शिवाजी जयंती समारोह पूरी भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज की एकजुटता, शिक्षा और स्वास्थ्य के विकास पर विशेष मंथन किया गया। समारोह का आगाज महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। पीले वस्त्रों में सजी महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर पूरे गांव का भ्रमण किया। गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह यात्रा सामुदायिक भवन पहुंची, जहां तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने समाज की सादगी और सरलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि कुर्मी समाज अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। हमारी असली जिम्मेदारी उन प्रतिभाशाली बच्चों को सहारा देना है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। समाज को उनके सपनों और सफलता के बीच एक मजबूत सेतु की तरह कार्य करना चाहिए। उत्सव के दौरान सामाजिक प्रतिभाओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। बच्चों और महिलाओं ने रंगारंग कार्यक्रमों से सबका मन मोह लिया। महिलाओं के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्साहजनक भागीदारी दिखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष योगेंद्र बेलचंदन ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आशा विक्की मिश्रा जिला पंचायत सदस्य, लोमस चंद्राकर सभापति, माया बेलचंदन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, देवेंद्र देशमुख पूर्व जनपद अध्यक्ष, ललित देशमुख एवं अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह को सफल बनाने में कुथरेल समाज के अध्यक्ष गोविंद देशमुख, उपाध्यक्ष लोकेश देशमुख, सचिव डायमंड देशमुख और कोषाध्यक्ष खोमेन्द्र देशमुख की भूमिका सराहनीय रही। मंच का संचालन उमेश चंद देशमुख ने किया और आभार प्रदर्शन ग्रामीण अध्यक्ष गोविंद देशमुख द्वारा किया गया।