दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की नई टीम ने जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान बघेल ने सभी पदाधिकारियों का मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए मैदान में उतरने का गुरुमंत्र दिया।
संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की असली ताकत जनता के बीच रहकर उनके हक की लड़ाई लडऩा है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है। हमें किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करना है। दुर्ग ग्रामीण की यह नई और जुझारू टीम जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी दिए।

गांव-गांव तक पहुंचेगी कांग्रेस – राकेश ठाकुर
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि संगठन ने जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी टीम खरी उतरेगी। ठाकुर ने आगामी रणनीति साझा करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य गांव-गांव और हर बूथ तक कांग्रेस की विचारधारा को पहुंचाना है। हम पिछली कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की याद दिलाएंगे। वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा।
दिग्गज पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में ब्लॉक और जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से विक्रान्त अग्रवाल, विशाल देशमुख, महेंद्र वर्मा, उर्वशी वर्मा, जयश्री वर्मा, तरूण बिजौर, प्रमोद राजपूत, राजेश्वर सोनकर, रोहित कुर्रे, शमशीर कुर्रेशी, संतलाल बंजारे, हीरा वर्मा, निरंजन राजपूत, टिकेशरी देशमुख, हरीश ठाकुर, राजीव गुप्ता सहित कई ब्लॉक अध्यक्ष शामिल थे।