मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाई नगर की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सेक्टर-7 स्थित कुर्मी भवन में हर्षोल्लास के साथ हुआ। तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए चुनी गई इस टीम ने समाज हित में एकजुट होकर कार्य करने और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष जनक राम वर्मा ने नवीन कार्यकारिणी के नामों की घोषणा की। मार्गदर्शक मंडल के सदस्यों ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नई कार्यकारिणी-किसे मिला क्या दायित्व
समाज के सुचारू संचालन के लिए अनुभवी और युवाओं के तालमेल वाली टीम तैयार की गई है। जिसमें कार्यकारी इकाई प्रमुख आत्माराम नायक, उपाध्यक्ष चन्द्रकांत वर्मा, राकेश धुरंधर, राजेश वर्मा, महासचिव विजेन्द्र कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष सरजू राम वर्मा, महिला प्रमुख मधु वर्मा, युवा प्रमुख प्रकाश बंछोर, मीडिया प्रभारी दुर्गेश बघेल, अंकेक्षक नारायण बर्छिहा शामिल हैं। इनके साथ ही सचिव पद पर सुधीर खिचरिया सहित 11 सदस्य, सह-सचिव के रूप में 12 सदस्य और कार्यकारिणी सदस्य के रूप में 20 वरिष्ठ सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेक्टर प्रतिनिधियों ने भी गरिमामय समारोह में शपथ ग्रहण की।
बुजुर्गों का मार्गदर्शन, एकजुटता का संदेश
शपथ ग्रहण के दौरान मार्गदर्शक मंडल के रामसेवक वर्मा, गिरिवर आडिल, माखन लाल वर्मा, सुदर्शन वर्मा, राजप्रधान ईश्वरी वर्मा, मिथिला खिचरिया और पूर्व अध्यक्ष कोमल धुरंधर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने संदेश दिया कि समाज तभी प्रगति करता है जब हर व्यक्ति कंधे से कंधा मिलाकर चले। कार्यक्रम का संचालन आत्माराम नायक और विजेंद्र कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान चंद्रकुमार वर्मा, गोपाल परगनिहा, गैंदलाल वर्मा, सियाराम कश्यप, जगदीश वर्मा, जीएन नायक सहित बड़ी संख्या में समाज की मातृशक्ति और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।