भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाईनगर थाना अंतर्गत स्थित साई बाबा मंदिर में देर रात बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार सात नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर में घुसकर पहले सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को बंधक बना लिया।

डकैत काफी देर तक मंदिर परिसर में बेखौफ चहल-पहल करते रहे और वहां से लाखों रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद सुरक्षाकर्मी ने भिलाईनगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। मंदिर में हुई इस डकैती से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
