भिलाई. पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलाई तीन में रायपुर की ओर जा रही बारूद से लदी ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक सर्विस रोड में उतर गई और उसके केबिन में आग लग गई। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग से तत्काल दो दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि ट्रक (वाहन क्रमांक TS 05 UB 2355) के केबिन में आग भड़क चुकी थी। स्थिति अत्यंत संवेदनशील थी क्योंकि ट्रक में बारूद भरा हुआ था। अग्निशमन दल ने जान की परवाह किए बिना ट्रक के केबिन में घुसकर आग पर काबू पाया और एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
ट्रक को सुरक्षित रूप से हटाकर पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की सहायता से भिलाई तीन थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। अग्निशमन दल प्रभारी महेन्द्र चंदेल, केशव यादव, राजेश साहू, हीरामन, धर्मेन्द्र साहू, शशांक, मनीष, रामनाथ कुर्रे, टिकेंद्र, संतोष एवं भीषम की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की सर्वत्र सराहना हो रही है।