दुर्ग, 19 जून 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर जिला अस्पताल दुर्ग में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश कांग्रेस सचिव अय्यूब खान के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लेकर रक्तदान किया।

जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में आयोजित शिविर का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे हुआ और यह दोपहर 4 बजे तक संचालित रहा। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को अस्पताल प्रबंधन द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर अय्यूब खान ने कहा कि राहुल गांधी जनहित और सेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते रहे हैं तथा उनके जन्मदिन को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए रक्तदान जैसे अभियान चलाना समाज के लिए उपयोगी पहल है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने जिला अस्पताल में रक्त उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि यहां बड़ी संख्या में गरीब, दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले मरीज, दुर्घटना पीड़ित एवं महिला मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त भंडारण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रशासन से यह भी अपेक्षा की गई कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि जहां मरीजों के हित में सहयोग की आवश्यकता होगी वहां सहयोग किया जाएगा और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध भी किया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जसवंत गायकवाड, मो. रफीक, राकेश दुबे, पुरुषोत्तम सोनवानी, विजेंद्र बंजारे, खिलेश देशलहरे, जीतेश गायकवाड, उमेश वर्मा, चिलेश्वर निषाद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से जुड़े चिकित्सकीय एवं तकनीकी कर्मचारियों ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
