दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 50 में कथित रूप से बिना पूर्व सूचना किए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवारों ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक अमला तड़के सुबह लगभग 4 बजे पहुंचा और बिना पर्याप्त सूचना व सुनवाई के मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है और कांग्रेस ने इसे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के अधिकारों पर हमला बताते हुए मोर्चा खोल दिया है।

इसी मुद्दे को लेकर पूर्व महापौर और जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को बताया कि प्रशासन ने उन्हें पर्याप्त समय या वैकल्पिक व्यवस्था का अवसर दिए बिना कार्रवाई शुरू कर दी। रहवासियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कई लोगों ने इसे एकपक्षीय और जनविरोधी कदम बताते हुए राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई करार दिया।

कहा- न्याय के बिना कार्रवाई स्वीकार नहीं
मौके पर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि किसी भी नागरिक को उसके आशियाने से बेदखल करने से पहले वैधानिक प्रक्रिया, नोटिस और सुनवाई का अवसर देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। यदि किसी के साथ अन्याय हुआ है तो कांग्रेस उसके लिए सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगी।
कलेक्टर से मुलाकात, निष्पक्ष जांच की मांग
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को सुने बिना किसी भी प्रकार की एकपक्षीय कार्रवाई न की जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। कांग्रेस नेताओं के अनुसार कलेक्टर ने मामले की वस्तुस्थिति की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

शहर की राजनीति में नया मुद्दा
शहर की राजनीति में यह मामला अब नया मुद्दा बनता दिख रहा है। कांग्रेस जहां इसे गरीबों के अधिकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा मामला बता रही है, वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह विवाद नगर निगम और जिला प्रशासन के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकता है।
लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष रहेगा जारी
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ी रही है और वार्ड 50 के प्रभावित परिवारों के साथ भी पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। यदि प्रशासन द्वारा किसी प्रकार का अन्याय किया गया है तो उसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
