दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “बढ़ता भारत, बदलता भारत” अभियान के तहत दुर्ग के बीआईटी कॉलेज में प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम केंद्रीय जनजातीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, विधायक ललित चंद्राकर, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर अलका बाघमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने जनविश्वास, सेवा और विकास की नई यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाएं लागू की हैं तथा भारत आधुनिकता और सांस्कृतिक चेतना के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करना, बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करना तथा राष्ट्रीय प्रतीकों को सम्मान देना सरकार की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया।

सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को वर्ष 2047 तक हासिल करने के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया।

जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि “बढ़ता भारत, बदलता भारत” कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रबुद्ध वर्ग, चिकित्सक, शिक्षाविद, अधिवक्ता, इंजीनियर, हेल्थ कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान अतिथियों को श्रीरामचरितमानस की प्रति एवं स्थानीय उत्पाद भेंट किए गए तथा शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वालों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं जिला संयोजिका सरिता मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष तेखन सिन्हा ने किया।
