दुर्ग। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की हत्या कर शव को कुएं में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में शामिल सभी 07 अपचारी बालकों (नाबालिग आरोपियों) को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 18 जून की रात शक्ति नगर स्थित पशु आहार किसान राईस मिल परिसर के कुएं में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शव की पहचान यशवंत सारथी (26 वर्ष) के रूप में की गई। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या किए जाने के संकेत मिले।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और मुख्य आरोपी के बीच 1,500 रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने मृतक को फोन कर घटनास्थल पर बुलाया और पहले से मौजूद अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला किया। घटना के बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया।



मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर 24 घंटे के भीतर सभी 07 नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने घटना से संबंधित सामग्री भी जब्त की है और प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
