दुर्ग। पाटन थाना क्षेत्र में घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चोरी गए सोने के जेवर और नगदी सहित कुल 1 लाख 43 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया के घर में हुई चोरी के मामले में थाना पाटन में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पाटन एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम गठित कर संदिग्धों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवर रायपुर निवासी एक महिला को बेच दिए थे।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों एवं खरीदार महिला के कब्जे से एक सोने का गुलबंद, एक जोड़ी सोने की एयररिंग तथा 10 हजार रुपये नगद जब्त किए। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1.43 लाख रुपये बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मानषु टण्डन (20), अजित बंधेल (21), खिलेश्वर पटेल (23) तथा चोरी का माल खरीदने के आरोप में सिल्की देवांगन (33) शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

