दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।


जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर हथखोज भिलाई निवासी उमेश कश्यप ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 जून 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे उनके पिता शिवदयाल कश्यप साइकिल से राजीव नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिसकोल कंपनी के पास टाटा एस वाहन क्रमांक CG 07 CY 5936 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।


घटना में मृतक को वाहन के साथ कुछ दूरी तक घसीटे जाने की बात भी सामने आई, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रकरण में थाना जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 418/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 110 एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी चालक दीपक कुमार आनंत (34 वर्ष) निवासी कुरूद, थाना जामुल को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन को भी जब्त कर लिया है।

