दुर्ग। ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये और सोने के आभूषण की धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों ने निवेश के नाम पर महिला से नकद राशि लेने के साथ उसकी परिचित के आभूषण भी गिरवी रखकर रकम हासिल कर ली थी।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया फातिमा अहमद उर्फ स्वाती ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह ने स्वयं को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताते हुए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश पर अधिक लाभ का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेकर आरोपियों ने उनसे करीब 25 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।


इतना ही नहीं, प्रार्थिया की सहेली रजनी बारसकर के लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर उन्हें अपने नाम से गिरवी रखकर रकम प्राप्त कर ली गई। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
मामले की शिकायत मिलने पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 345/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले से जुड़े दस्तावेज, गिरवी रखे गए सोने के आभूषण संबंधी अभिलेख और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

