दुर्ग। जिला अस्पताल दुर्ग में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं, लापरवाही और मरीजों की मौत के मामलों को लेकर प्रदेश कांग्रेस के सचिव अय्यूब खान ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अस्पताल में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अय्यूब खान ने बताया कि 9 जून 2026 को नया रायपुर में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया से मुलाकात कर जिला अस्पताल दुर्ग की विभिन्न समस्याओं और मरीजों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि ब्लड उपलब्ध होने के बावजूद युवती दीपिका यादव की कथित रूप से रक्त न मिलने के कारण हुई मृत्यु अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

ज्ञापन में जिला अस्पताल की मर्चुरी का फ्रिज लंबे समय से बंद होने, नसबंदी ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं की मौत, न्यूरोसर्जन की अनुपलब्धता, ट्रामा सेंटर में 24 घंटे डॉक्टरों की कमी, बिना समुचित जांच मरीजों को रेफर किए जाने तथा सीटी स्कैन मशीन के बंद रहने जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।

अय्यूब खान ने कहा कि जिला अस्पताल आम जनता के स्वास्थ्य का सबसे बड़ा केंद्र है, लेकिन लगातार सामने आ रही लापरवाहियां मरीजों की जान पर भारी पड़ रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव से मांग की कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित मामलों की जांच करवाने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
