अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर देशभर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार आयुष मंत्रालय ने योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की है। इसी कड़ी में 14 जून को आयोजित होने वाले विशेष ऑनलाइन योग सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें जशपुर जिला भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएगा।

आयुष विभाग के अनुसार 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक देशभर के लोग एक साथ ऑनलाइन योगाभ्यास करेंगे। लक्ष्य अधिकतम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है। इसके लिए व्यापक पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इच्छुक नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

जशपुर में भी तैयारियां तेज
जशपुर जिले में योग दिवस को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय निकायों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले से अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय अभियान में शामिल होकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने में योगदान दें।
21 जून को रणजीता स्टेडियम में कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में आम नागरिक योगाभ्यास करेंगे।

योग संगम पोर्टल पर भी पंजीयन
आयुष मंत्रालय ने योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों के पंजीयन और दस्तावेजीकरण के लिए yoga.ayush.gov.in� शुरू किया है। विभिन्न संस्थाएं अपने योग कार्यक्रमों का पंजीयन कर आयोजन के बाद उसका विवरण और फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड कर सकती हैं।
