दुर्ग, 10 जून। ग्राम पंचायत कोड़िया के दर्जनों श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जनपद पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में स्वाबांध (उद्यानिकी विभाग) की नर्सरी में मनरेगा अंतर्गत कार्य स्वीकृत करने की मांग की गई है।

ज्ञापन के अनुसार ग्राम पंचायत कोड़िया के लगभग 70 श्रमिक पिछले 10 वर्षों से मनरेगा के तहत पौधारोपण एवं नर्सरी निर्माण कार्य से जुड़े हुए हैं। श्रमिकों ने इस कार्य का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है और वे नर्सरी कार्य में दक्ष हैं। वर्तमान में बीते लगभग दो माह से नर्सरी संबंधी कार्य बंद होने के कारण श्रमिकों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि अधिकांश श्रमिक नर्सरी कार्य पर ही निर्भर हैं और वे पुनः उसी कार्य में रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बनी रह सके। श्रमिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द मनरेगा अंतर्गत नर्सरी कार्य स्वीकृत किए जाने की मांग की गई है।

राकेश हिरवानी ने कलेक्टर से शीघ्र कार्रवाई कर ग्राम कोड़िया के श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग एवं जनपद पंचायत दुर्ग को भी प्रेषित की गई है।
