भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में स्क्रैप कॉपर तार चोरी करने की कोशिश करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 130 किलो स्क्रैप कॉपर तार बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 97,500 रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 6 जून को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ युवक बीएसपी के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर ओएचबी जंक्शन 2-3 प्रोजेक्ट स्टोर के पीछे से कॉपर तार चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पहले आरोपी सुनील कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बीएसपी परिसर में प्रवेश कर कॉपर तार चोरी करने की योजना और प्रयास की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उमेश बाग को 8 जून को तथा यमन उर्फ अमन बेहरा और संदीप कुमार को 9 जून को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 130 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर तार जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भिलाई इस्पात संयंत्र से कॉपर तार चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ कमाने की फिराक में थे। सभी आरोपी भिलाई के पुरैना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपी
सुनील कुमार (20 वर्ष)
उमेश बाग (23 वर्ष)
यमन उर्फ अमन बेहरा (20 वर्ष)
संदीप कुमार (19 वर्ष)