दुर्ग। शहर जिला दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पद्मनापुर स्थित मिनी स्टेडियम में कार्यक्रमों की अनुमति को लेकर हाउसिंग बोर्ड एवं नगर निगम अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति के अध्यक्ष गुरदीप सिंह भाटिया ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है।

पत्र में कहा गया है कि मिनी स्टेडियम में एक बोर्ड लगाकर निजी आयोजनों एवं खेलकूद गतिविधियों पर प्रतिबंध की बात कही गई है, लेकिन कुछ विशेष वर्ग के लोगों को नियमों में छूट दी जा रही है। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोगों द्वारा खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर कोई रोक नहीं लगाई जाती, जबकि अन्य व्यक्तियों को अनुमति नहीं दी जाती।

कांग्रेस कमेटी ने यह भी आरोप लगाया कि स्टेडियम में बड़े साउंड बॉक्स और वाद्य यंत्रों के उपयोग पर भी अधिकारियों द्वारा कोई आपत्ति दर्ज नहीं की जाती, लेकिन आम लोगों के कार्यक्रमों को अनुमति नहीं मिलती। इसे “दोहरा मापदंड” और पक्षपातपूर्ण रवैया बताया गया है।

समिति ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर समान नियम लागू करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और मिनी स्टेडियम में सभी के लिए समान नियम सुनिश्चित हो पाते हैं या नहीं।