दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर वार्ड क्रमांक 13 में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


मिली जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय गोविंद साहू और उनकी 42 वर्षीय पत्नी चंचल साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं उनके 11 वर्षीय बेटे और 13 वर्षीय बेटी को घर के भीतर बेड पर मृत अवस्था में पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि साहू परिवार कुछ दिन पहले ही तिरुपति बालाजी दर्शन कर लौटा था। फिलहाल इस सामूहिक मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।