भिलाई। नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी के पुत्र को नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर वर्ष 2022 से 2024 के बीच 7 लाख 50 हजार रुपये की रकम हड़प ली थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तालपुरी निवासी राजेन्द्र कुमार बंछोर ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित अमनदीप सोढी ने उसके पुत्र की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने छह माह के भीतर नियुक्ति पत्र दिलाने का आश्वासन देते हुए अलग-अलग समय में कुल 7.50 लाख रुपये नगद ले लिए।

काफी समय बीतने के बाद भी न तो नौकरी लगी और न ही रकम वापस की गई। खुद को ठगा महसूस होने पर प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत धारा 420 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी अमनदीप सोढी (36 वर्ष), निवासी बी-1, छत्तीसगढ़ कॉलेज धनोरा के पास, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में दस्तावेजी साक्ष्य एवं लेनदेन संबंधी दस्तावेज जप्त किए हैं।
