दुर्ग कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पंडित दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत अलग-अलग हितग्राहियों की राशि एक ही बैंक खाते में ट्रांसफर होने का मामला सामने आया। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने संबंधित बैंक खातों को तत्काल फ्रीज कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने साफ कहा कि योजनाओं में गड़बड़ी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनपद पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर संबंधित खातों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहारके दौरान प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायत संबंधी आवेदनों का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सहकारिता को फटकार, अवैध उत्खनन पर सख्ती
समीक्षा के दौरान सहकारी समितियों के लेखा मिलान पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कलेक्टर ने अधिकारियों को फटकार लगाई और एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं जिला खनिज अधिकारी को बिना अनुमति अवैध उत्खनन और अवैध ईंट भट्ठों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पेनाल्टी लगाने कहा गया।
रेलवे मुआवजा, राजस्व प्रकरण और ग्राम विकास पर जोर
कलेक्टर ने रेलवे लाइन प्रभावित किसानों को मुआवजा वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नामांतरण, बंटवारा और पंजीयन जैसे राजस्व मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने कहा। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चयनित गांवों में चल रही गतिविधियों का फोटो-वीडियो रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड करने और प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।