दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलगांव थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 127 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 6 हजार 350 रुपए बताई गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक चंदखुरी स्थित नदी रोड हनुमान मंदिर के पास अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोपी खुंटेल (22 वर्ष) निवासी ग्राम चंदखुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलो 127 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा का संग्रहण एवं बिक्री कर रहा था।