दुर्ग, 23 मार्च 2026। छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठधाम छावनी चौक स्थित एक मकान में सोमवार सुबह एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह लगभग 07:15 बजे की है, जब डीलेश्वरी वर्मा के निवास में रखे गैस सिलेंडर में आग भड़क उठी।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल हरकत में आई और एक दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि सिलेंडर में आग लगी हुई है, जिसे सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से काबू में किया गया। इसके बाद सिलेंडर को सुरक्षित रूप से मकान से बाहर निकाला गया।

अग्निशमन दल की तत्परता के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस अभियान में अग्निशमन दल प्रभारी महेन्द्र चंदेल के नेतृत्व में कर्मचारी भीषम, शशांक, रामनाथ कुर्रे एवं प्रवीण सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।