दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 17 मार्च 2026 को रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ रायपुर पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

इस बड़े आंदोलन की तैयारी पहले से ही सुनियोजित ढंग से की गई थी। राजीव भवन दुर्ग में आयोजित बैठक में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर रणनीति बनाई गई थी, जिसका असर कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
विधानसभा घेराव से पूर्व दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस के अंतर्गत पाटन, अहिवारा, दुर्ग ग्रामीण, धमधा ब्लॉक एवं साजा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजन, ब्लॉक अध्यक्ष और जिला पदाधिकारी जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पहुंचे। वहां से सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर रैली के रूप में विधानसभा घेराव स्थल के लिए रवाना हुए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में मनरेगा बचाव, जनहित के मुद्दे, बढ़ती अराजकता, नशाखोरी और अवैध अफीम की खेती जैसे गंभीर विषयों को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता के अधिकारों की लड़ाई है और कांग्रेस पार्टी आगे भी इसी तरह जनहित के मुद्दों पर मुखर रहकर संघर्ष करती रहेगी।
