नगर निगम दुर्ग में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने महापौर अल्का बाघमार के कार्यकाल पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें घोषणा वीर करार दिया है। कोहले ने आरोप लगाया कि महापौर और उनकी एमआईसी केवल घोषणाओं के सहारे शहर की जनता को गुमराह कर रही है, जबकि धरातल पर स्थिति बदतर होती जा रही है।

संजय कोहले ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुर्ग में जगह-जगह कचरे के ढेर बीमारियों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पटरीपार ओवरब्रिज के नीचे और सुराना कॉलेज के सामने स्टेडियम के किनारे कचरे का पहाड़ बन चुका है। इससे राहगीरों का आवागमन दूभर हो गया है, लेकिन निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या से आंखें मूंदे बैठा है।
16 करोड़ का हिसाब कहाँ …?
अधोसंरचना मद को लेकर कोहले ने कहा कि अखबारों में 16 करोड़ रुपए मिलने की खबरें तो छपती हैं, लेकिन अब तक इसकी प्रशासकीय स्वीकृति नहीं आई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब से वर्तमान महापौर ने पदभार संभाला है, संधारण मद का पैसा निगम को नहीं मिला है। स्थिति यह है कि छोटे-छोटे गड्ढे भरने और पुल-पुलिया की मरम्मत तक के लिए फंड नहीं है।
एमआईसी के फैसलों पर उठाए सवाल
हाल ही में हुई एमआईसी की बैठक पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 7.36 करोड़ की नाली और सड़क निर्माण की घोषणा तो कर दी गई, लेकिन इसकी प्रशासनिक स्वीकृति का अता-पता नहीं है। यह केवल जनता को सब्जबाग दिखाने जैसा है।
फिल्टर प्लांट की योजना में तकनीकी खामी
फिल्टर प्लांट में नए टरबाइन पंप लगाने के निर्णय पर कोहले ने तकनीकी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि टंकी भरने वाली राइजिंग लाइन अत्यंत पुरानी हो चुकी है। बिना पाइप लाइन बदले हाई-प्रेशर पंप लगाने से लीकेज की समस्या बढ़ेगी। निगम को पहले राइजिंग लाइन बदलनी चाहिए, फिर पंप लगाने चाहिए।
पेंशन अटकी, अधिकारी नदारद
आम जनता की शिकायतों का हवाला देते हुए कोहले ने कहा कि नगर निगम में कोई जिम्मेदार अधिकारी समय पर नहीं बैठता, जिससे लोगों की सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन पिछले 2 माह से लंबित है। वहीं विधवा पेंशन पिछले 3 माह से हितग्राहियों को नहीं मिली है। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और केवल कागजी घोषणाएं जारी रहीं, तो आने वाले समय में इसका पुरजोर जवाब दिया जाएगा।