दुर्ग। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे नेहरू नगर स्मृतिनगर मार्केट स्थित गाइस रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रेस्टोरेंट से उठती लपटों और धुएं को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल की एक दमकल टीम मौके पर रवाना हुई। अग्निशमन कर्मियों ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए रेस्टोरेंट के भीतर किचन में लगी आग पर एक गाड़ी पानी की मदद से काबू पाया।

दमकल टीम की तत्परता से आग आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही बुझा दी गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे दो फ्रिज, एसी, तंदूरी मशीन एवं अन्य सामान जलकर खाक हो गए।
फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। घटना की जांच स्मृति नगर चौकी पुलिस द्वारा की जा रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस साहसिक अभियान में अग्निशमन फायर प्रभारी एफ. प्रवीण बारा सहित कर्मचारी संतोष मडरिया, रमेश, दीपक साहू, तामेश एवं जय सोनकर की सराहनीय भूमिका रही। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
दमकल कर्मियों की तत्परता और टीमवर्क से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसके लिए स्थानीय नागरिकों ने अग्निशमन दल की प्रशंसा की।