दुर्ग शहर में अपने घर का सपना देख रहे 10 परिवारों की किस्मत मंगलवार को खुल गई। नगर निगम प्रशासन ने सरस्वती नगर, मां कर्मा बोरसी और गोकुल नगर में निर्मित किफायती आवासों के लिए पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को आवास आवंटित किए।
नगर निगम सभागार में आयोजित प्रक्रिया के दौरान हितग्राहियों ने खुद अपने हाथों से पर्ची निकालकर मकान का चयन किया। सरस्वती नगर के 7, मां कर्मा बोरसी के 2 और गोकुल नगर का 1 आवास आवंटित किया गया। महापौर अल्का बाघमार ने चयनित हितग्राहियों को मौके पर ही आवंटन पत्र सौंपे।
इस दौरान महापौर ने साफ चेतावनी भी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को स्थायी छत देने के लिए है, न कि व्यवसायिक उपयोग के लिए। उन्होंने दोटूक कहा कि यदि कोई हितग्राही आवंटित मकान को किराए पर देता पाया गया, तो निगम तत्काल आवंटन निरस्त कर सख्त कार्रवाई करेगा।
नगर निगम प्रशासन के मुताबिक आवंटन पत्र मिलने के बाद हितग्राहियों को निर्धारित राशि जमा करनी होगी। पूरी राशि जमा होने पर आधिपत्य पत्र जारी किया जाएगा। निगम का दावा है कि शहर के भीतर तैयार ये आवास आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और मध्यम व निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए किफायती दर पर बेहतर विकल्प बन रहे हैं।
कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, चंद्रशेखर चंद्रकार, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, रंजीता पाटिल और कार्यपालन अभियंता विनिता वर्मा भी मौजूद रहे।