छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की ‘बिजली बिल हॉफ’ योजना को बंद करने और केवल 200 यूनिट तक बिजली बिल में छूट देने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी अब हमलावर हो गई है। इसी क्रम में, युवा कांग्रेस (युकां) कार्यकर्ताओं ने दुर्ग में एक मशाल मार्च’ निकालकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
दुर्ग शहर जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आयुष शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई इस मशाल यात्रा में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी अमित सिंह पठानिया और सह प्रभारी मोनिका मंड्रे भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल रहीं।युकां नेताओं ने इस मामले को लेकर जल्द ही उग्र आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। मशाल रैली शनिचरी बाजार दुर्ग से शुरू हुई और पांच कंडिल चौक, मोती कॉम्पलेक्स, इंदिरा मार्केट, स्टेशन रोड, पुराना बस स्टैंड होते हुए पटेल चौक तक पहुंचकर समाप्त हुई।
यह है विरोध का कारण
युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा ने रैली के दौरान कहा कि सरकार के इस फैसले के बाद बिजली का बिल पहले से दोगुना नहीं, बल्कि ढाई से तीन गुना तक आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एकल बत्ती कनेक्शन वाले गरीबों को भी 800 से 1000 रुपए तक का बिल चुकाना पड़ रहा है।
बताया लालटेन युग की वापसी
शर्मा ने तीखे शब्दों में कहा कि, सरकार प्रदेश को वापस लालटेन युग में ले जाना चाहती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, युवा कांग्रेस बिजली महंगी करने वाली भाजपा सरकार का तब तक लगातार विरोध करती रहेगी, जब तक पूर्व की तरह 400 यूनिट बिजली बिल हॉफ योजना को फिर से लागू नहीं किया जाता।
ये रहे रैली में मौजूद
रैली में पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू, ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, प्रवक्ता नासिर खोखर, प्रदेश सचिव अनुप वर्मा, छाया महापौर प्रेमलता साहू, निकिता मिलिंद, हेमा साहू, प्रभारी गौरव उमरे, प्रदेश समन्वयक चिराग शर्मा, जिला प्रभारी एकलाख खान, दीपक साहू मौजूद रहे।