दुर्ग जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पाटन के असोगा-जरवाय रोड के पास अवैध रूप से शराब बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 35 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सड़क किनारे बड़ी मात्रा में शराब रखकर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही रानीतराई थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान एक युवक प्लास्टिक की बोरी में शराब रखे मिला। पूछताछ में वह शराब बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 35 पौवा देशी शोले मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई है, बरामद की। साथ ही शराब रखने में उपयोग किया जा रहा प्लास्टिक का बोरा भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलेश्वर साहू (37 वर्ष), निवासी ग्राम कुम्हली, थाना जामगांव, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों के परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समाज में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।