दुर्ग, 8 जून। कार सवार व्यक्ति का रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी 7 जून की रात करीब 8:45 बजे अपने पुत्र प्रफुल्ल सक्सेना एवं आनंद सक्सेना के साथ कार क्रमांक सीजी 07 सीके 9472 से डी-मार्ट पोटिया रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान हटरी बाजार बोरसी स्थित शनि देव मंदिर के पास चार युवकों ने उसकी कार रुकवाकर रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे।

प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने एक राय होकर उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की। घटना को वहां मौजूद लोगों ने भी देखा और सुना। शिकायत मिलने के बाद पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने इस मामले में गणेश्वर निषाद, महेश्वर निषाद, गुलशन सोनवानी और विवेक सोनवानी, सभी निवासी शिवपारा बोरसी, को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
