छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। भारत और इजराइल के बीच हुए फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) द्वारा इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर के 3500 पदों पर भर्ती की जा रही है। चयनित उम्मीदवारों को करीब 2 लाख रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा, जिससे प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर का रास्ता खुल सकता है।

जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग से मिली जानकारी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न कटौतियों के बाद भी लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपए प्रतिमाह शुद्ध वेतन मिलेगा। नियुक्ति प्रारंभिक रूप से दो वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे कार्य प्रदर्शन और आवश्यकता के अनुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इस भर्ती की खास बात यह है कि वेतन के अलावा नियोक्ता की ओर से आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कर्मचारियों को हर वर्ष 16 दिन का वार्षिक अवकाश, 9 राष्ट्रीय अवकाश तथा सप्ताह में छह दिन कार्य का अवसर मिलेगा। रोजगार विशेषज्ञों का मानना है कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के युवाओं के लिए यह अवसर आर्थिक रूप से बेहद लाभकारी साबित हो सकता है, क्योंकि घरेलू स्तर पर समान योग्यता वाले पदों पर मिलने वाले वेतन की तुलना में यह कई गुना अधिक है।

कौन कर सकता है आवेदन?
0 आयु 25 से 45 वर्ष के बीच हो।
0 न्यूनतम 10वीं पास होना आवश्यक।
0 इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय होना चाहिए।
0 कम से कम 3 वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट हो।
0 शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ हो।
0 लंबाई 1.5 मीटर से अधिक और वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो।
0 पूर्व में इजराइल में कार्य नहीं किया हो।
0 मेडिकल और नर्सिंग क्षेत्र वालों को मिलेगा फायदा
प्रशिक्षित युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी
0 990 घंटे का ओजेटी सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र
0 जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA)
0 एएनएम
0 जीएनएम
0 बीएससी नर्सिंग
0 फिजियोथेरेपी
0 नर्स असिस्टेंट

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी
0 ऑनलाइन पंजीयन
0 दस्तावेज सत्यापन
0 स्वास्थ्य परीक्षण
0 पुलिस क्लीयरेंस
0 इजराइली नियोक्ता द्वारा वीडियो इंटरव्यू
दलालों से सावधान रहने की अपील
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र दुर्ग ने युवाओं से भर्ती प्रक्रिया के लिए केवल अधिकृत पोर्टल और शासकीय रोजगार कार्यालयों से ही संपर्क करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भर्ती के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली करने वाले दलालों से सावधान रहें।